देश में ओमिक्रॉन की दहशत के बीच विदेश से आंध्र लौटे 30 लोग लापता
आंध्र प्रदेश सरकार विदेश से लौटे 60 लोगों में से 30 लोगों को ढूंढ रही है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए सरकार को इन लोगों का RT-PCR टेस्ट कराना है। अफ्रीका से आए 9 लोगों को मिलाकर करीब 60 पैसेंजर पिछले 10 दिनों में विशाखापत्तनम पहुंचे हैं। इनमें से 30 अभी विशाखापत्तनम में रुके हुए हैं, जबकि बाकी 30 राज्य में अलग जगहों के लिए निकल गए हैं। इनमें से कुछ लोग फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं, जिसके चलते अधिकारियों को इनके लापता होने का डर लग रहा है।
राजस्थान में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ा, दक्षिण अफ्रीका से लौटे 4 लोग कोरोना पॉजिटिव
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की भारत में एंट्री हो चुकी है। कर्नाटक में गुरुवार को इसके दो मामले सामने आए हैं। इधर, राजस्थान में भी चिंता बढ़ गई है। प्रदेश में 7 दिन पहले दक्षिण अफ्रीका से जयपुर आए एक परिवार के 4 लोग पॉजिटिव आए हैं। इनमें दंपती समेत उनकी दो बच्चियां (8 और 15 साल) पॉजिटिव मिले हैं। सभी को ओमिक्रॉन का संदिग्ध मानते हुए क्वारैंटाइन किया गया है। अब जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए इनके सैंपल लिए गए हैं।
महाराष्ट्र के हिंगोली में वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वालों को इनाम में टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर
देश में भले ही 120 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन के डोज लग चुके हों, लेकिन अब भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाया है। ऐसा ही एक जिला है महाराष्ट्र का हिंगोली। यहां की नगर परिषद ने लोगों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से एक लुभावनी योजना शुरू की है, जिसके तहत वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले लोगों को एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसे पुरस्कार जीतने का मौका दिया जाएगा।