यूक्रेन की सीमा पर रूसी टैंकों, तोपों और सैनिकों का भारी जमावड़ा
मास्को
रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव से यूरोप एक बार फिर से जंग के मुहाने पर बढ़ता दिख रहा है। रूस ने यूक्रेन की सीमा से सटकर बड़ी तादाद में टैंक, तोपें, युद्धक वाहन और सैनिक तैनात कर दिए हैं। रूस के इस कदम से यह डर सताने लगा है कि कहीं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर हमले की तैयारी तो नहीं कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिका ने भी अपने यूरोपीय सहयोगियों की चेतावनी दी थी कि रूस यूक्रेन पर हमला कर सकता है।
सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि रूस ने अपने सैनिकों का जमावड़ा वोरोनेझ शहर के पास में किया है। वोरोनेझ यूक्रेन की सीमा से मात्र 320 किमी की दूरी पर है। खुफिया निगरानी करने वाली फर्म जेन्स के मुताबिक इस शहर में रूस ने बड़ी संख्या में टैंक, तोपें और आर्मर्ड वीइकल तैनात किए हुए हैं। ये युद्धक वाहन मास्को से भेजे गए हैं और इसमें टी-80 यू मुख्य युद्धक टैंक शामिल है।
नाटो काला सागर में युद्धाभ्यास कर रूस को चुनौती दे रहा
एक वीडियो में नजर आ रहा है कि इन टैंकों और अन्य हथियारों को ट्रेन से ले जाया जा रहा है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने काला सागर में नाटो देशों के युद्धाभ्यास पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नाटो काला सागर में युद्धाभ्यास कर रूस को चुनौती दे रहा है। उन्होंने इस युद्धाभ्यास के दौरान स्ट्रैटजिक एयरफोर्स के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। इन दिनों यूरोप में रूस-यूक्रेन और बेलारूस-पोलैंड के बीच तनाव चरम पर है। इन सबके बीच रूसी राष्ट्रपति की चेतावनी को काफी अहम माना जा रहा है।