देशफीचर्ड

लखीमपुर हिंसा के आरोपी आशीष की जमानत पर अब 3 नवंबर को होगी सुनवाई

लखीमपुर हिंसा के मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र की जमानत याचिका पर आज होने वाली सुनवाई टल गई है। अब अगली सुनवाई 3 नवंबर को होनी तय हुई है। बताते चलें कि 21 अक्टूबर को आशीष मिश्र की जमानत याचिका जिला जज की कोर्ट में दाखिल की गई थी। जिला जज मुकेश मिश्र ने सुनवाई के लिए आज 28 अक्टूबर की तारीख दी थी। अब 3 नवंबर को फैसला होगा कि आशीष जेल में रहेगा या बाहर आएगा।

इससे पहले बुधवार की देर रात हिंसा के 25 दिन बाद जिले के DM डॉ. अरविंद चौरसिया का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह सरकार ने IAS महेंद्र बहादुर सिंह को लखीमपुर की कमान सौंपी है। सरकार ने देर रात 10 IAS और 9 IPS के तबादले किए हैं।

आशीष डेंगू से पीड़ित, चल रहा इलाज
9 अक्टूबर को पुलिस गिरफ्त में आए आशीष की जब SIT को दोबारा रिमांड मिली तो उसे डेंगू की पुष्टि हो गई। उसका इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। वहीं आशीष की शुगर भी बढ़ी हुई है। आशीष के वकील इस ग्राउंड पर भी जमानत के लिए जज से गुहार लगाएंगे।

पांच आरोपियों की मिली है SIT को रिमांड
बुधवार को कोर्ट से SIT को गिरफ्तार पांच अन्य आरोपियों की भी रिमांड मिल गई है। इनमें आरोपी सुमित जायसवाल, नंदन सिंह विश्रय, सत्यम त्रिपाठी और शिशुपाल को फिर से दो दिन के लिए रिमांड पर लेने के आदेश दिए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तीन दिन की रिमांड मिली है। इन सभी को गुरुवार से पुलिस रिमांड पर लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *