बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले को लेकर ऐक्शन में PM शेख हसीना
ढाका
बांग्लादेश में हिंदुओं के ऊपर हुए हिंसक हमलों को देखते हुए प्रधानमंत्री शेख हसीना काफी नाराज हैं। उन्होंने मंगलवार को बांग्लादेश के गृहमंत्री असदुज्जमान खान को धर्म का इस्तेमाल कर हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। हसीना ने लेागों से तथ्यों की जांच किये गये बगैर सोशल मीडिया पर किसी भी चीज पर विश्वास नहीं करने को कहा।
पीएम शेख हसीना ने गृहमंत्री को दिया आदेश
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 50 साल पहले पाकिस्तान से बांग्लादेश की आजादी का विरोध करने वाले घरेलू तत्व अब भी हिंसा भड़काने के लिए जहर उगल रहे हैं, नफरत भरे विमर्श और पाखंड फैला रहे हैं। कैबिनेट सचिव अनवारूल इस्लाम के हवाले से ढाका ट्रिब्यून अखबार ने अपनी खबर में कहा है कि प्रधानमंत्री हसीना ने मंगलवार को साप्ताहिक कैबिनेट बैठक के दौरान गृहमंत्री असदुज्जमान खान को उन लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया जिन्होंने धर्म का इस्तेमाल कर हिंसा भड़काई थी।
पिछले बुधवार से बांग्लादेश में हिंदुओं पर शुरू हुए हमले
पिछले बुधवार से बांग्लादेश में हिंदुओं के मंदिरों पर हमले बढ़ गये हैं। दरअसल, इससे पहले दुर्गा पूजा समारोहों के दौरान सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ईश निंदा करने वाला एक पोस्ट देखने को मिला था। रविवार देर रात बांग्लादेश में एक भीड़ ने 66 मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और कम से कम 20 मकानों को आग के हवाले कर दिया।
