दुबई में खाड़ी के सबसे बड़े मेले की धमाकेदार शुरुआत
दुबई
खाड़ी देशों के बीच पहले वैश्विक मेले ‘एक्सपो 2020 दुबई’ की गुरुवार को धमाकेदार शुरुआत हुई। बेशकीमती पटाखों की अद्भुत झड़ी, संगीत और स्थायी भविष्य के लिए वैश्विक सहयोग की शक्ति के संदेश के साथ गुरुवार को उद्घाटन समारोह का आयोजन हुआ। इस आयोजन को संयुक्त अरब अमीरात के अलग-अलग शहरों में लोगों ने प्रोजेक्टर पर देखा। कुछ ग्लोबल सिंगर्स ने दुबई की शाम में चार चांद लगा दिए।
एक्सपो 2020 दुबई के उद्घाटन समारोह में इटली के गायक Andrea Bocelli, ब्रिटेन की गायिका Ellie Goulding, चीन के पिअनिस्ट Lang Lang और सऊदी गायक Mohammed Abdu ने हिस्सा लिया। दुबई क्षेत्र का पर्यटन, व्यापार और व्यापार केंद्र है जो कोरोना वायरस के बाद काफी प्रभावित हुआ है। वैश्विक मेले के माध्यम से दुबई 25 मिलियन बिजनेस और टूरिस्ट यात्राओं को आकर्षित कर अपनी अर्थव्यवस्था में सुधार करना चाहता है।
व्यापार और निवेश को बढ़ाने के लिए दुबई एक्सपो 2020 पर कई देशों और कंपनियों की नजर है। कोरोना महामारी के बाद यह पहला वैश्विक आयोजन है जिसने अपने दरवाजे पूरी दुनिया के लिए खोल दिए हैं। इसमें यूएई में चल रहे दुनिया के सबसे सफल वैक्सिनेशन प्रोग्राम का भी योगदान है। एक्सपो 2020 दुबई का आयोजन पिछले साल होना था लेकिन महामारी के चलते इसे टाल दिया गया।
