डेविड वॉर्नर की सनराइजर्स हैदराबाद टीम से छुट्टी
नई दिल्ली
प्लेऑफ की रेस बाहर हो चुकी सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने आईपीएल 2021 के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर मौजूदा सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। हैदराबाद के 10 मैचों में 4 अंक हैं और केन विलियमसन की टीम 8 टीमों के प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले क्रम पर है।
हैदराबाद ने इस मैच में विस्फोटक ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर (David Warner) को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा। वॉर्नर की जगह इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय (Jason Roy) को मौका दिया गया जिन्होंने इसे दोनों हाथों से लपका। जेसन ने 42 गेंदों पर 60 रन की पारी खेली जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल था।
जेसन और रिद्धिमान साहा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 57 रन की शुरुआत दिलाई जिससे हैदराबाद टीम (SRH v RR) 18. 3 ओवर में 3 विकेट पर 167 रन बनाने में सफल रही। वॉर्नर को प्लेइंग इलेवन से बाहर देख उनके फैंस बेहद निराश नजर आए।
अगले साल ऑक्शन में उतर सकते हैं वॉर्नर
अगले साल आईपीएल का मेगा ऑक्शन होगा। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वॉर्नर भी अगले साल ऑक्शन में उतर सकते हैं। क्योंकि हैदराबाद फ्रैंचाइजी ने पहले ही उन्हें कप्तानी से हटा दिया है। ऐसे में वॉर्नर अगले साल आईपीएल 2022 में नई टीम की ओर से खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
