मोदी ने चाणक्य की कूटनीति, दीनदयाल के अंत्योदय और टैगोर की निर्भीकता के सिद्धांत का हवाला दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया। 18 मिनट के भाषण में उन्होंने वैश्विक सहयोग, वैक्सीन और आतंकवाद समेत कई मुद्दों पर मजबूती से बात रखी। भाषण की शुरुआत में भारतीय लोकतंत्र की विविधताओं और परंपराओं का महत्व बताया। भारत का गौरवशाली इतिहास बताया तो संयुक्त राष्ट्र को प्रासंगिकता बनाए रखने की नसीहत भी दी।
पीएम ने भारत के 3 बड़े महापुरुषों का नाम लिया। उनकी बातों के जरिए संयुक्त राष्ट्र को अपनी प्रभावशीलता बनाए रखने की नसीहत दी। पीएम ने चाणक्य की कूटनीति, दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और गुरु रबीन्द्रनाथ टैगोर की निर्भीकता के सिद्धांत का हवाला दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय: एकात्म मानववाद और अंत्योदय
मोदी ने जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय का जिक्र किया। कहा- मैं अपने अनुभव से कह रहा हूं कि ‘यस डेमोक्रेसी कैन डिलेवर’ यानी लोकतंत्र ही नतीजे दे सकता है। उपाध्याय कहा करते थे एकात्म मानववाद। यह पूरी मानवता का विचार है। अंत्योदय का विचार है। विकास सर्वसमावेशी और सर्वव्यापी हो या सर्व उपलब्ध हो।
हमने 7 वर्षों में 43 करोड़ लोगों को बैंकिंग और 50 करोड़ लोगों को क्वॉलिटी हेल्थ सेक्टर से जोड़ा। बड़ी-बड़ी संस्थाओं ने माना है कि वहां के नागरिकों के लिए जमीन का रिकॉर्ड होना जरूरी है। दुनिया में कई देशों में ऐसे लोग हैं जिनके पास जमीन का रिकॉर्ड नहीं है। हम भारत में ड्रोन मैपिंग कराकर लोगों को जमीन का रिकॉर्ड दे रहे हैं। इससे लोगों को बैंक लोन और ओनरशिप दिला रहे हैं। विश्व का हर 6वां व्यक्ति भारतीय है। जब भारत विकास करता है तो दुनिया का विकास होता है। व्हेन इंडिया रिफॉर्म, वर्ल्ड ट्रान्सफॉर्म।