न्यूजीलैंड के बाद इंग्लैंड भी देगा पाकिस्तान को बड़ा झटका
नई दिल्ली
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। न्यूजीलैंड टीम के शुक्रवार को अचानक मैच से ठीक पहले दौरा रद्द करने के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में क्रिकेट का भविष्य अंधेरे में दिखाई दे रहा है। भारत की मेजबानी में संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप-2021 से ठीक पहले इंग्लैंड को दो T20 मैचों के लिए पाकिस्तान जाना था, लेकिन अब यह दौरा रद्द होते नजर आ रहा है।
48 घंटे के अंदर होगा फैसला
इस बारे में इसीबी ने अपने बयान में कहा- हम स्थिति को पूरी तरह से समझने के लिए अपनी सुरक्षा टीम के साथ संपर्क कर रहे हैं जो पाकिस्तान में जमीन पर हैं। ईसीबी बोर्ड अगले 24-48 घंटों में तय करेगा कि हमारा नियोजित दौरा आगे बढ़ना चाहिए या नहीं। माना जा रहा है कि इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड इस पर आज ही फैसला ले लेगा।
वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए थी सीरीज
इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने दौरे को लेकर खिलाड़ियों को फरमान भी जारी किया था कि टी-20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाना होगा। दोनों बोर्ड इसे वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में देख रहे थे। माना जा रहा था कि सीरीज होने पर इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ में बड़े इंग्लिश क्रिकेटर हिस्सा नहीं लेते, क्योंकि सीरीज और IPL 2021 के प्लेऑफ का शेड्यूल एक ही पर निर्धारित है।
