फ्रांस में मिली खोई हुई प्राचीन ‘कैपिटल सिटी’
फ्रांस के ल्योन शहर से 128 किलोमीटर दूर पुरातत्वविदों ने एक प्राचीन कैपिटल सिटी की खोज की है। इस जगह से खोजकर्ताओं को सैकड़ों तरह की अलग-अलग वस्तुएं भी मिली हैं। बताया जा रहा है कि ये सारा सामान यीशु मसीह के जन्म के लगभग 800 साल पहले का है। खोजे गए खजानों में कांस्य हथियार और ट्रिंकेट, साथ ही कुम्हार के घड़े और रथ के टुकड़े मिले हैं।इतनी मात्रा में प्राचीन सामान मिलने से टूलूज़-जीन जारेस विश्वविद्यालय के पुरातत्वविद काफी खुश हैं। उनका दावा है कि यह सेल्टिक कैपिटल सिटी का हिस्सा हो सकता है। यहां से मिली कलाकृतियों को लगभग 800 ईसा पूर्व या फ्रांस के कांस्य युग से संबंधित अर्नफील्ड संस्कृति (1,300 से 800 ईसा पूर्व) के अंत का बताया जा रहा है।टूलूज़-जीन जौरेस विश्वविद्यालय के एक लेक्चरर पियरे-यवेस मिल्सेंट के अनुसार, फ्रांस में पहले मिलीं इसी तरह की साइटें आमतौर पर केवल चार हेक्टेयर जमीन में फैली हुई हुई हैं। ऐसे में यह आबाद स्थल शायद एक बड़े क्षेत्र की राजधानी थी। पुरातत्वविद् ने शुक्रवार को पुष्टि की कि उन्हें कई कलाकृतियां बिलकुल बरकरार स्थिति में मिली हैं।
