हाथों की सतह से बैक्टीरिया-वायरस हटाने के लिए अधिक एनर्जी और दबाव जरूरी
महामारी की शुरुआत से ही एक्सपर्ट 20 सेकंड तक हाथ धोने की सलाह दे रहे हैं। उनका मानना है कि 20 सेकंड में हाथों के हर हिस्से तक साबुन पहुंचना जरूरी है, ताकि बैक्टीरिया या वायरस हाथ की सतह से छूट सके। हाल में हुई एक रिसर्च में 20 सेकंड हाथ धोने सलाह तो दी गई है लेकिन इसकी वजह अलग है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि हाथों से बैक्टीरिया और वायरस का निकलना इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी तेजी हाथों को धोते हैं और नल से आने वाले पानी का फ्लो कितना तेज है। वैज्ञानिकों ने इसे अपने मैथमेटिकल मॉडल से समझाया है।
हाथों में बैक्टीरिया या वायरस क्यों फंसे रह जाते हैं, हाथ धोने का नया तरीका क्या है और हाथों को न धोने से संक्रमण कितना फैल सकता है, जानिए इन सवालों के जवाब…
सबसे पहले जानिए, हाथों में वायरस-बैक्टीरिया अटकते क्यों है?
रिसर्च करने वाले यूके के हैमंड कंसल्टिंग ग्रुप के वैज्ञानिक पॉल हैमंड बताते हैं कि माइक्रोस्कोप से देखने पर पता चलता है कि हाथों की स्किन रफ होने के साथ लहरदार होती है। यानी इनमें गड्ढेनुमा संरचना होती है। बैक्टीरिया और वायरस इन्हीं गड्ढ़ेनुमा संरचना में फंस जाते हैं और सफाई न करने पर हाथों में बने रहते हैं। वैज्ञानिकों ने इन्हीं गड्ढों को बैक्टीरिया और वायरस का घर बताया है।