जो रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत के खिलाफ जड़ा धांसू शतक
कप्तान जो रूट ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन शानदार शतक जड़ते हुए न केवल इंग्लैंड को संभाल लिया, बल्कि कई खास रेकॉर्ड भी बनाए। 200वीं गेंद पर उन्होंने अपना टेस्ट करियर का 22वां शतक पूरा किया। यह उनका इंटरनैशनल लेवल पर 38वां शतक है, जिसके साथ ही उन्होंने एलिस्टर कुक के रेकॉर्ड की बराबरी की। अब इन दोनों के नाम इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक शतक हो गए हैं। यही नहीं, इस दौरान उन्होंने 9 हजार रन भी पूरे किए।
जो रूट ने भारत के खिलाफ 7वां टेस्ट शतक जड़ा है। इससे पहले उन्होंने नॉटिंघम में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में भी 109 रनों की पारी खेली थी। उनसे अधिक गैरी सोबर्स, विवियर रिचर्ड्स, रिकी पॉन्टिंग और स्टीव स्मिथ ने ही भारत के खिलाफ टेस्ट शतक लगाए हैं। इन सभी के नाम 8 टेस्ट शतक हैं।
जो रूट ने डेब्यू करने के 3167वें दिन पर टेस्ट क्रिकेट में 9 हजार रनों का आंकड़ा पार किया, जो रेकॉर्ड है। उन्होंने एलिस्टर कुक (3380 दिन) को पीछे छोड़ा। इस लिस्ट में राहुल द्रविड़ अब तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 3661 दिन लिए थे।
