महिलाओं को भाजपा से ज्यादा मौके कोई और राजनीतिक दल नहीं देता: नड्डा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को आगे बढ़ने के उतने मौके नहीं देता, जितने अवसर उनकी पार्टी में मिलते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में शामिल महिला मंत्रियों के सम्मान में पार्टी की महिला मोर्चा की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘नीति में, कार्यक्रमों में, प्रशासन में या शासन में, महिलाओं को भाजपा से ज्यादा मौके कोई और राजनीतिक दल नहीं देता। भाजपा आगे बढ़ने का मौका भी देती है और सबका ख्याल भी रखती है।’’
केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए नड्डा ने कहा कि उन्होंने हमेशा कुछ नया करने और महिलाओं को जोड़ने की बात सिखाई है।
उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। आज भारत खुले में शौच से मुक्त है, तो इससे जल-जनित रोग कम हुए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस मुफ्त मिलने से धुएं से होने वाली टीबी की बीमारी का खतरा कम हुआ है।’’