कांग्रेस ने डॉ. केके ध्रुव को बनाया मरवाही से उम्मीदवार
कांग्रेस ने डॉ. केके ध्रुव को अपना उम्मीदवार बनाया है। केके ध्रुव मरवाही उपचुनाव में कांग्रेस का चेहरा होंगे। सोमवार की शाम ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने नामों की घोषणा की। डॉ केके ध्रुव के नाम पर ही मुहर लगना तय माना जा रहा था।
इनके अलावा कुछ और नाम भी दिल्ली भेजे गए थे। एक दिन पहले रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रत्याशी डॉ गंभीर सिंह को बनाया। कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी पेशे से डॉक्टर हैं। जनता कांग्रेस के प्रत्याशी अमित जोगी पेशे से वकील हैं। मरवाही विधानसभा सीट से विधायक रहे पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन के बाद यह सीट खाली थी।
कांग्रेस के डॉक्टर केके ध्रुव
डॉ कृष्ण कुमार ध्रुव के पिता स्वर्गीय देव सिंह ध्रुव हैं। कोरबा में जन्में डॉ ध्रुव को जनसेवा की इच्छा राजनीति में लेकर आई। पहली बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू जिला कोरबा में पदस्थ हुए। 1998 से फरवरी 2001 तक यहीं काम किया। इसके बाद मरवाही में बतौर डॉक्टर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 2004 से ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर के पद पर काम करते रहे। अब जब नौकरी छोड़ राजनीति करने का फैसला लिया ता कांग्रेस ने इन्हें टिकट दिया है।