T20 WC: ICC की सजा से बचने के लिए पाकिस्तान की नई चाल! क्या है ‘फोर्स मेज्योर’, इसकी तैयारी में क्यों है PCB?
भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले का बहिष्कार करने की स्थिति में पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की कड़ी कार्रवाई से बचने के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ (Force Majeure) क्लॉज लागू करने की कोशिश कर सकता है। यह दावा द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में किया गया है। अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है, तो भारत को सीधे दो अंक मिल जाएंगे, जबकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भारी आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज उन अप्रत्याशित परिस्थितियों पर लागू होता है, जिनके चलते कोई पक्ष अपनी संविदात्मक जिम्मेदारी पूरी नहीं कर पाता।रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी अपने फैसले को सही ठहराने के लिए पाकिस्तान सरकार के उस सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दे सकता है, जिसमें भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की बात कही गई थी। पीसीबी यह तर्क दे सकता है कि उसे सरकार के निर्देशों के तहत यह फैसला लेना पड़ा और यह एक असाधारण स्थिति है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह उनका आखिरी विकल्प है, क्योंकि भारत के खिलाफ मैच न खेलने की कोई और ठोस वजह उनके पास नहीं है।
