Russia Ukraine War: घायल सैनिकों को नहीं बचा पा रहा यूक्रेन, खाने-पीने के पड़े लाले
मॉस्को। रूस और यूक्रेन (Russia Ukraine War) के बीच 4 सालों से जारी जंग के बीच एक यूक्रेनी सेना (Ukrainian army) ने दावा किया है कि यूक्रेन (Ukraine) अपने घायल सैनिकों को भी नहीं बचा पा रहा है और कई सैनिक बिना इलाज के मर रहे हैं। यह दावा रूस के कब्जे में मौजूद यूक्रेन के युद्धबंदी एलेक्जेंडर सोतनिवोक ने किया है। सोतनिवोक ने रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक वीडियो में यह दावा किया है
सोतनिवोक ने सोमवार को एक बयान जारी करते हुए कहा, “घायलों को लड़ाई वाले क्षेत्रों से निकालने में एक बड़ी समस्या आ रही है। अगर कोई सैनिक घायलों को ले जाने वाले ट्रक तक नहीं पहुंच पा रहा, तो उसका मरना तय है। यूक्रेनी सेना घायलों को तभी निकाल रही है, जब वह एक खास जगह पहुंच रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि दिमित्रोव की ओर पांच-दिन की यात्रा के दौरान उन्होंने कई मृतकों को देखा। एक सैनिक एक पेड़ से लगकर बैठा था। सोतनिवोक और उनके साथी सैनिक को लगा कि वह जिन्दा है, लेकिन वह मर चुका था। उन्होंने कहा कि वह शख्स युद्ध में घायल होने के बाद निकासी बिंदु तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन रास्ते में ही मर गया।
