बॉलीवुड सिंगर मास्टर सलीम के पिता उस्ताद पूरण शाहकोटी निधन से 2 दिन पहले तक भी संगीत सिखा रहे थे
बॉलीवुड सिंगर मास्टर सलीम के पिता उस्ताद पूरण शाहकोटी निधन से 2 दिन पहले तक भी संगीत सिखा रहे थे। जालंधर के रहने वाले शाहकोटी के दूसरे बेटे पेजी शाहकोटी ने इसका वीडियो शेयर किया है। उस्ताद शाहकोटी अपने बेटे पेजी को ही संगीत की तालीम दे रहे थे।
इस वीडियो में उनके बोल- न जी भरके जीना, ये क्या जिंदगी है, न मरना, न जीना, न तौबा ही करना, ये क्या जिंदगी है। हंसराज हंस, जसबीर जस्सी जैसे मशहूर पंजाबी सिंगरों को म्यूजिक सिखाने वाले उस्ताद शाहकोटी का 70 साल की उम्र में 22 दिसंबर को निधन हुआ था। उनकी अंतिम इच्छा के मुताबिक उनकी पार्थिव देह को श्मशान न ले जाकर घर के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
उनके सिंगर बेटों मास्टर सलीम और पेजी शाहकोटी ने बताया कि उस्ताद शाहकोटी की अंतिम अरदास 30 दिसंबर को जालंधर के माडल टाउन स्थित श्री गुरुद्वारा सिंह सभा में होगी।
