पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। पूर्व कप्तान और T20I में पाकिस्तान के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाबर आजम को इस टीम में शामिल नहीं किया गया है। वहीं, वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और T20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले हारिस रऊफ को भी बाहर रखा गया है।
टीम की कमान एक बार फिर सलमान अली आगा को सौंपी गई है। यह सीरीज फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की आखिरी T20I सीरीज होगी। तीनों मुकाबले श्रीलंका के दांबुला में 7, 9 और 11 जनवरी को खेले जाएंगे।
शादाब खान की वापसी इस टीम में ऑलराउंडर शादाब खान की वापसी हुई है। वे जून 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे। उस सीरीज में पाकिस्तान ने 3-0 से जीत दर्ज की थी, जिसमें शादाब ने 4 विकेट लिए और 55 रन बनाए थे। इसके बाद दाहिने कंधे की समस्या के चलते उनकी सर्जरी हुई।
रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद शादाब ने 16 दिसंबर 2025 से ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के लिए खेलना शुरू किया। BBL में उनके प्रदर्शन के बाद सेलेक्टर्स ने उन्हें फिर से T20I टीम में शामिल किया है।
