बाजार में हाहाकार, विदेशी निवेशकों के कदम से डूबे करोड़ों
भारतीय शेयर बाजार इस वक्त भारी दबाव में नजर आ रहा है. एक तरफ विदेशी निवेशक तेजी से पैसा निकाल रहे हैं, दूसरी तरफ बाजार लगातार कमजोरी दिखा रहा है. नतीजा यह हुआ है कि कुछ ही महीनों में करोड़ों रुपये डूब गए. आज, शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 352.28 अंक की गिरावट के साथ 85,056.42 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 50 26,042.30 पर आ गया. BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सेशन के 475 लाख करोड़ रुपये से घटकर लगभग 474 लाख करोड़ रुपये हो गया, जिससे एक ही सेशन में इन्वेस्टर्स को करीब 1 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिसके चलते आम निवेशक से लेकर बड़े खिलाड़ी तक, सभी सवाल पूछ रहे हैं. क्या यह गिरावट यहीं थमेगी या अभी और झटका बाकी है?
विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs की सबसे ज्यादा बिकवाली आईटी सेक्टर में देखने को मिली. इसके बाद एफएमसीजी, पावर, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कंज्यूमर सर्विसेज जैसे सेक्टर भी जोरदार दबाव में रहे. इन कुछ ही सेक्टरों से लगभग दो लाख करोड़ रुपये के आसपास की निकासी हो चुकी है. यह साफ इशारा करता है कि विदेशी निवेशक चुनिंदा नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर जोखिम घटा रहे हैं |
