Post Office की स्कीम से आसान निवेश, सिर्फ ब्याज में कमा सकते हैं 4.5 लाख
अगर आप ऐसा निवेश ढूंढ रहे हैं जहां आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहे और तय समय बाद गारंटीड रिटर्न भी मिले, तो पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) स्कीम आपके लिए एक मजबूत विकल्प बन सकती है. यह स्कीम उन लोगों के लिए खास है जो जोखिम नहीं लेना चाहते और भविष्य के लिए सुरक्षित फंड तैयार करना चाहते हैं. सरकार की गारंटी के साथ आने वाली यह योजना न सिर्फ भरोसेमंद है, बल्कि टैक्स बचाने में भी मदद करती है |
क्या है नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC)?
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट पोस्ट ऑफिस की एक लोकप्रिय स्मॉल सेविंग स्कीम है, जिसे भारत सरकार सपोर्ट करती है. इसमें निवेश करने पर बाजार के उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता और रिटर्न पहले से तय होता है. यही वजह है कि मध्यम वर्ग और रिटायरमेंट की प्लानिंग करने वालों में यह स्कीम काफी पसंद की जाती है. NSC की मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है और इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है. निवेश की अधिकतम सीमा तय नहीं है, यानी आप अपनी क्षमता के अनुसार कितनी भी रकम लगा सकते हैं|
