IMF की मंजूरी! पाकिस्तान को 1.2 अरब डॉलर की फंडिंग मिलने का रास्ता साफ
व्यापार: पाकिस्तान और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के बीच बुधवार को कर्ज कार्यक्रम को लेकर स्टाफ-लेवल समझौता (SLA) हो गया है। इस समझौते के बाद पाकिस्तान को 1.2 अरब डॉलर की अगली किस्त मिलने का रास्ता खुल गया है। आईएमएफ पाकिस्तान को एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (ईएफएफ) के तहत एक अरब डॉलर और रेजिलिएंस एंड सस्टेनेबिलिटी फैसिलिटी (आरएसएफ) के तहत 200 मिलियन डॉलर की राशि उपलब्ध कराएगा।
पिछले हफ्ते आईवा पेत्रोवा के नेतृत्व में आईएमएफ के एक मिशन ने पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत पूरी की थी। यह बातचीत 2024 में तय किए गए ईएफएफ की दूसरी समीक्षा और इस साल सहमत आरएसएफ की पहली समीक्षा से जुड़ी थी। हालांकि, तब एसएलए पर हस्ताक्षर नहीं हो पाए थे।
पाकिस्तान की आर्थिक रिकवरी पटरी पर आ रही है
बुधवार सुबह जारी एक बयान में आईएमएफ की मिशन प्रमुख आईवा पेत्रोवा ने कहा कि अब स्टाफ-लेवल एग्रीमेंट IMF के कार्यकारी बोर्ड की मंजूरी पर निर्भर है। पेत्रोवा ने कहा कि ईएफएफ के समर्थन से पाकिस्तान का आर्थिक कार्यक्रम मैक्रोइकोनॉमिक स्थिरता को मजबूत कर रहा है और बाजार के भरोसे को दोबारा कायम कर रहा है।
