प्रतिष्ठा की लड़ाई में PCB की पोल खुली, नकवी के बचाव में ICC के दर पर दस्तक
नई दिल्ली: एशिया कप से नाम वापस लेने की धमकी से पाकिस्तान अब पीछे हट सकता है। पाकिस्तान की हेकड़ी निकल गई है और काफी खींचतान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपनी टीम को एशिया कप में बनाए रख सकता है। पाकिस्तान का मुकाबला बुधवार को यूएई के खिलाफ है, जिसमें हार टीम को एशिया कप से बाहर कर देगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के शीर्ष अधिकारी मंगलवार को अभ्यास सत्र शुरू करने और एशिया कप में बने रहने के मामले में इस्लामाबाद से अनुमति का इंतजार कर रहे थे, लेकिन खिलाड़ियों के चेहरे पर असमंजस की स्थिति थी। उन्हें यह पता नहीं था कि वह टूर्नामेंट में जारी रहेंगे या नहीं।
पाकिस्तान के कप्तान, खिलाड़ी या कोई स्टाफ मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नहीं पहुंचा। हालांकि, काफी देर बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी अभ्यास सत्र में पहुंचे। हालांकि, अभ्यास के दौरान भी उनके चेहरे पर तनाव झलक रहा था, लेकिन वे खुश-मिजाज दिखने की कोशिश कर रहे थे।
