गंभीर और सूर्यकुमार का बड़ा दांव बेनकाब, अश्विन ने किया ‘प्रोजेक्ट सैमसन’ का खुलासा
नई दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को एशिया कप 2025 के पहले मैच में बड़ा मौका मिला। बुधवार को भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें यूएई के खिलाफ प्लेइंग-11 में शामिल कर बड़ा संकेत दिया कि सैमसन पर उनका भरोसा मजबूत है। अब इस पर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस फैसले से चौंक गए।
लंबे समय से टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर रहे टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं, जिससे यह कयास लगाए जा रहे थे कि क्या सैमसन को मौका मिलेगा? लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट से पहले साफ कर दिया कि टीम सैमसन का खास ख्याल रख रही है।
मिडिल ऑर्डर में मिली जगह
गिल की गैरमौजूदगी में सैमसन हाल के मैचों में अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कर रहे थे। हालांकि, यूएई के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्हें मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करने भेजा गया। यह टीम रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि पारी को स्थिरता दी जा सके। यह कदम टीम मैनेजमेंट के सैमसन पर विश्वास को दर्शाता है।
