एशिया कप से पहले BCCI ने किया बड़ा ऐलान, खजाने में जुड़ेंगे 400 करोड़ रुपये
नई दिल्ली: बीसीसीआई और ड्रीम 11 का करार अब रद्द हो चुका है और दुनिया के सबसे ताकतवर क्रिकेट बोर्ड अब नए स्पॉन्सर की तलाश है. रिपोर्ट्स हैं कि एशिया कप में टीम इंडिया बिना स्पॉन्सर के ही उतर सकती है लेकिन इस बीच बीसीसीआई ने एक बड़ा फैसला लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने टीम इंडिया को स्पॉन्सर करने का बेस प्राइस बढ़ा दिया है. अब जो भी कंपनी टीम इंडिया की स्पॉन्सर होगी उसे हर बाइलेट्रल सीरीज के मैच के लिए 3.5 करोड़ रुपये चुकाने होंगे जबकि आईसीसी और एशिया कप टूर्नामेंट्स में ये रकम 1.5 करोड़ रुपये होगी.
ड्रीम इलेवन से कितना पैसा मिलता था?
बीसीसीआई और ड्रीम इलेवन का करार 2026 तक था और दोनों के बीच बाइलेट्रल मैच के लिए 3.17 करोड़ और टूर्नामेंट्स के मैचों के लिए 1.12 करोड़ रुपये की डील थी लेकिन अब बीसीसीआई ने दोनों में ही लगभग 30 से 40 लाख रुपये बढ़ा दिए हैं. ये रकम मार्केट रेट्स से ज्यादा बताई जा रही है. बता दें बीसीसीआई इसलिए बाइलेट्रल मैचों के लिए ज्यादा पैसे लेती है क्योंकि इन मुकाबलों में कंपनी का नाम खिलाड़ियों की जर्सी की चेस्ट एरिया में होता है जबकि आईसीसी और एशिया कप जैसे इवेंट्स में आप ऐसा नहीं कर सकते. इस दौरान स्पॉन्सर का नाम खिलाड़ियों की स्लीव्स पर होता है.
