ईकोफ्रेंडली पहल: 51 हजार सोयाबीन से सजे गणपति बप्पा के अनोखे दर्शन
सागर/बीना: 27 अगस्त से गणेशोत्सव का पर्व शुरू होने जा रहा है. ऐसे ही सागर जिले के बीना के एक स्थानीय मूर्ति कलाकार अशोक साहू पिछले 38 सालों से पर्यावरण को ध्यान में रखकर केवल एक ही इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बना रहे हैं. इस बार भी उन्होंने करीब सोयाबीन की 51 हजार बड़ी से 21 किलो वजन की 7 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को तैयार किया है.
छह माह में तैयार हुई प्रतिमा
73 वर्षीय मूर्तिकार अशोक साहू ने बताया कि, ”प्रतिमा को बनाने के लिए 21 किलो सोयाबीन की बड़ी का उपयोग किया गया है. जिन्हें छलनी से घिस कर चौकोर किया गया. बाद में प्रतिमा के करीब 60-65 अलग-अलग हिस्सों को फेविकोल की मदद से बिना सपोर्ट के तैयार किया गया. जिन्हें बाद में एक प्रतिमा को मूर्त रूप दिया गया है.” उन्होंने बताया कि, ”प्रतिमा को बनाने में करीब 6 माह का समय लगा है. जिसकी स्थापना सर्वोदय चौक स्थित श्री कौशल किशोर देव राम जानकी साहू समाज मंदिर में की जाएगी.”
