भारत के एशिया कप ओपनर कौन? चार नामों में हो रही जोरदार रेस
नई दिल्ली : इंग्लैंड दौरे की समाप्ती के बाद अब भारत का अगला असाइनमेंट एशिया कप है। इसकी शुरुआत नौ सितंबर से होगी और सारे मैच यूएई में खेले जाएंगे। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ ही करेगी। इसके बाद शेड्यूल के मुताबिक, टीम इंडिया 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी। हालांकि, इस टूर्नामेंट से पहले चयनकर्ताओं के सामने असली चुनौती है। दरअसल, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल पिछले कुछ समय से टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे और अब अगर ये एशिया कप के लिए खुद को उपलब्ध बताते हैं तो चयनकर्ताओं के सामने ये चुनौती होगी कि ओपनिंग के लिए किसे चुना जाए।
पिछली टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे गिल-यशस्वी
गिल और यशस्वी इंग्लैंड के खिलाफ इसी साल फरवरी में खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे। गिल और यशस्वी, दोनों ने अपना-अपना पिछला टी20 मुकाबला जुलाई 2024 में पल्लेकल में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद से किसी भी टी20 सीरीज में ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के कंधों पर रही है। जुलाई 2024 के बाद भारत ने बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेली हैं और अभिषेक और सैमसन पर ही ओपनिंग की जिम्मेदारी रही है। हालांकि, अगर गिल और यशस्वी वापसी करते हैं तो ओपनिंग किसे दी जाएगी, यह सबसे बड़ा सवाल है।
