पंत का धमाका: SENA में सर्वाधिक 50+ स्कोर, धोनी को किया ओवरटेक
नई दिल्ली : भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने गुरुवार को चोटिल होने के बावजूद धमाकेदार प्रदर्शन किया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज SENA देशों में टेस्ट में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाला भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गया। पंत ने इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया।
दर्द से कराहने के बावजूद 54 रनों की पारी खेलकर लौटे पंत
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले के शुरुआती दिन पंत चोटिल हो गए थे। उस वक्त वह 37 के स्कोर पर थे और रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में चोटिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा। हालांकि, दूसरे दिन पंत की एक बार फिर मैदान पर वापसी हुई और उन्होंने 71 गेंदो में अपने टेस्ट करियर का 18वां पचासा पूरा किया। दर्द से कराहने के बावजूद पंत 75 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेलने में कामयाब हुए।
