उत्तर भारत में कोहरा और शीतलहर का असर, कई राज्यों में बारिश की संभावना
उत्तर भारत में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। यूपी में सुबह सुबह अब कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों लगातार कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं, दिल्ली एनसीआर में शीतलहर चलने से ठंड परेशान कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीतलहर जारी है, ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश के आसार
दक्षिणी बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय संचरण और उत्तर के पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिसंबर के अंतिम सप्ताह में देश के बड़े हिस्से का मौसम बदलने वाला है। 28-29 दिसंबर को हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान एवं गुजरात समेत उत्तर भारत में बारिश की स्थितियां बन रही हैं। मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश का बाकी हिस्सा भी वंचित नहीं रह सकेगा।