‘बेटी के साथ अपराध में अस्पताल के कई लोग शामिल’, पीड़िता के पिता ने CBI को बताए संदिग्धों के नाम
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए रेप-मर्डर केस को लेकर लोगों में काफी ज्यादा गुस्सा है। इसके लिए देशभर में हर जगह कई जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिले हैं। सीबीआई ने आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर मामले की जांच में तेजी दिखाना शुरू कर दिया है। इसी बीच पीड़िता के माता-पिता ने अस्पताल के ही कुछ कर्मचारियों पर इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि यह उनके लिए चिंता की बात है कि जब उनकी बेटी ड्यूटी कर रही थी तब 7 घंटे तक किसी ने उसे किसी ने फोन नहीं किया। उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटी OPD में ड्यूटी पर थी, वह सुबह करीब 8.10 बजे घर से निकली थी और रात करीब 11.15 बजे उसने अपनी मां से आखिरी बार बात की थी। सुबह जब उसकी मां ने फिर से उसे कॉल किया तो किसी ने उसका फोन नहीं उठाया। तब तक मेरी बेटी की मौत हो गई थी। पीड़िता के माता-पिता ने बताया है कि इस मामले में उसी कॉलेज के कुछ इंटर्न और चिकित्सक शामिल हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘इसमें चिंता की बात यह है कि ऑन कॉल डॉक्टर होने के बावजूद सुबह 3 बजे से 10 बजे तक किसी को उसकी ज़रूरत नहीं पड़ी। पूरा विभाग संदेह के घेरे में है।’
