महंगे हो गए विधानसभा चुनाव: 40 लाख रुपए में कैसे लड़ेंगे, दलों की खर्च सीमा बढ़ाने की मांग
कई राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से विधानसभा चुनाव में अधिकतम खर्च सीमा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव महंगे हो चले हैं, 40 लाख रुपए में लडऩा मुश्किल है। ऐसे में सीमा बढ़ाने की जरूरत है। हरियाणा में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने पहुंची चुनाव आयोग की टीम के समक्ष प्रमुख राजनीतिक दलों ने यह मांग उठाई। देश में फिलहाल लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों को अधिकतम 95 लाख और विधानसभा चुनाव में 40 लाख रुपए खर्च करने की अनुमति है।
दो साल पहले आयोग ने खर्च सीमा बढ़ाई थी। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान आयोग ने खर्च सीमा 28 लाख रुपए से बढ़ाकर 40 लाख की थी। छोटे राज्यों के चुनाव में 28 लाख की ही अधिकतम सीमा है।