उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ संभावनाओं का प्रदेश है। जितनी ताकत छत्तीसगढ़ राज्य में है देश के किसी भी राज्य में इतने संसाधन और क्षमता नहीं है
बिलासपुर, 29 जुलाई 2024/उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ संभावनाओं का प्रदेश है। जितनी ताकत छत्तीसगढ़ राज्य में है देश के किसी भी राज्य में इतने संसाधन और क्षमता नहीं है। यदि सुव्यवस्थित योजना बनाकर काम करें तो यह छत्तीसगढ़ राज्य देश का सिरमौर राज्य बन सकता है। बिलासपुर को विश्व स्तरीय शहर बनाने की दिशा में हमारी सरकार ने काम करना शुरू किया है। बिलासपुर छत्तीसगढ़ का दूसरा बड़ा शहर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अमृतकाल छत्तीसगढ़ विजन @2047 डॉक्यूमेंट तैयार करने में छत्तीसगढ़ के एक-एक व्यक्ति से सुुझाव लिया जा रहा है। सपनों का बिलासपुर और छत्तीसगढ़ बनाने के लिए आपके सुझाव स्वागतेय है। उप मुख्यमंत्री आज यहां स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ विजन @2047 के लिए राज्य नीति आयोग द्वारा आयोजित संभागस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागायुक्त डॉ. संजय अलंग ने की। कार्यशाला में संभाग के युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रबुद्धजनों ने अपने-अपने विचार साझा किए। कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने स्वागत भाषण दिया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के इतिहास में पहली बार योजना बनाने में आम लोगों से राय ली जा रही है। समाज के हर व्यक्ति को समाहित करते हुए हम योजना बनाएंगे। देश में पहली बार आपकी आकांक्षाओं और इच्छाओं का बिलासपुर और छत्तीसगढ़ बनाएंगे। छत्तीसगढ़ के पास असीम संभावनाएं है। सभी को ध्यान में रखकर जब हम योजना बनाएंगे तो समन्वित और समावेशी विकास हो पाएगा।