Google Analytics Meta Pixel
छत्तीसगढ़फीचर्ड

‘छत्तीसगढ़ को मिले विशेष अनुदान’, सीएम साय ने केंद्रीय वित्त आयोग में रखी डिमांड

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय वित्त आयोग से छत्तीसगढ़ के लिए विशेष अनुदान की मांग की है। साय ने छत्तीसगढ़ आए 16वें वित्त आयोग के साथ बैठक में राज्य की विशेष परिस्थितियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ को विशेष अनुदान देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ नवोदित राज्य है, जो जनजातीय बहुल, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से घिरा और माओवाद प्रभावित है और उसे विकसित राज्यों की बराबरी में लाने के लिए अधिक वित्तीय संसाधनों की आवश्यकता होगी।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, राज्य सरकार के मंत्री और अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, साथ ही माओवाद पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इन क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अधोसंरचना विकास के कार्यों में अतिरिक्त व्यय भार आता है। नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं।’’ साय ने कहा कि यदि केंद्रीय वित्त आयोग राज्य को अधिक वित्तीय सहायता की अनुशंसा करता है, तो निश्चित ही पिछड़े इलाकों में लोकहित के कार्यों को बड़े पैमाने पर किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *