पुलिस ने नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने का पराक्रम दिखाया- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रकृति ने बालाघाट को विशेष वरदान दिया है। स्वर्ग जैसी भूमि पर नक्सली गतिविधियां कतई बर्दाश्त नही की जाएगी। इसका नमूना इसी वर्ष हॉकफोर्स के जवानों ने एक अप्रैल को लांजी के पितकोना क्षेत्र में दिखाया है। हॉकफोर्स और पुलिस के जवानों ने अपनी सक्रियता से नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने में अपना शौर्य और पराक्रम दिखाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 28 जवानों को शौर्य और पराक्रम प्रदर्शित करने के लिये उनके कंधों पर फीते और स्टार लगाकर क्रम-पूर्व पदोन्नति देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेल पत्र का पौधा भी लगाया। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों क्रम से पूर्व पदोन्नति मिलना एक अविस्मरणीय पल है।