छंटनी का शिकार हुए H-1B Visa धारकों को राहत
अमरीका में एक छंटनीग्रस्त H-1B Visa कर्मी को नियमानुसार 60 दिन का ग्रेस पीरियड मिलता है, इस बीच में वह अमरीका में दूसरी नौकरी खोज सकता है। लेकिन अगर वह इस बीच में असफल रहते हैं, तो वे अपने H1 वीजा की स्टेटस दूसरे B-1 या B-2 वीजा में बदलवा सकते हैं। यानी वे B-1 या B-2 यात्री/पर्यटक वीजा हासिल कर अमरीका में 6 महीने की अतिरिक्त अवधि तक रुक सकते हैं। अमरीकी आव्रजन विभाग (USCIS) ने इस संबंध में एक स्पष्टीकरण जारी कर बताया है कि कैसे छंटनीग्रस्त H1-B पेशेवर अमरीका में ग्रेस पीरियड के बाद भी 6 महीने तक और रुक सकते हैं।
इसके अलावा उनके पास F-1 वीजा यानी स्टूडेंट वीजा का भी विकल्प होता है। इसके जरिए भी वे अमरीका में अपेक्षाकृत लंबे समय तक रुक कर दूसरी नौकरी तलाश सकते हैं। आव्रजन विभाग ने बताया है कि नए नियोक्ता की ओर से वीजा के लिए आवेदन मिलने पर संबंधित पेशेवर के वीजा आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर प्रोसेस किया जाता है।
