पुतिन ने क्यों बदल दिया रूस का रक्षा मंत्री
यूक्रेन से जंग के बीच रूस की सियासत में बड़ा फेरबदल हुआ है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने देश का रक्षा मंत्री बदल दिया है। सर्गेई शोइगु की जगह अब पुतिन ने एंड्रे बेलौसोव को नया रक्षामंत्री बनाया गया है। रक्षा मंत्री के बदलने से अब वैश्विक स्तर पर ये चर्चा चल रही है कि आखिर ऐसा क्या हो गया था यूक्रेन से युद्ध के बीत और इस युद्ध की कमान संभालने वाले रक्षा मंत्री को ही उनके पद से हटा दिया और दूसरे नेता की नियुक्ति कर दी। ये सवाल इसलिए भी उठ रहा है क्योंकि पूर्व रक्षा मंत्री ने ही यूक्रेन में युद्ध का नेतृत्व किया था और वो देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मंत्री रहे हैं, साथ ही व्लादिमीर पुतिन के कुछ करीबी दोस्तों में से एक हैं।
68 वर्षीय पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने साल 2012 से रक्षा मंत्री का पद संभाला है। सोवियत रूस के बाद उनका दशकों लंबा राजनीतिक करियर बेजोड़ रहा है। विदेशी मामलों के जानकार बताते हैं कि यूक्रेन के खिलाफ हमले से निपटने के पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु के तरीके की रूस में कई लोगों ने आलोचना की थी और हाल ही में उनके एक प्रतिनिधि के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे थे। ऐसे में उनकी छवि को भी नुकसान पहुंचा था।