चीन ने कराई प्रचंड और ओली में दोस्ती, भारत समर्थक नेपाली कांग्रेस ने खोली पोल
काठमांडू: नेपाल में प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने एक बार फिर से चीन समर्थक पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली के साथ हाथ मिला लिया है। प्रचंड ने पिछले 15 महीने से चले आ रहे नेपाली कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन को तोड़ लिया है। इस घटनाक्रम के बाद नेपाल में प्रचंड कैबिनेट में तीन नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। प्रचंड की पार्टी संसद में तीसरे नंबर पर आती है लेकिन वह लगातार गठबंधन बदलकर सत्ता में बने हुए हैं। वहीं संसद में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस को अब विपक्ष में रहना होगा। इस बीच भारत समर्थक नेपाली कांग्रेस ने आशंका जताई है कि प्रचंड और ओली में गठबंधन के पीछे चीन का हाथ हो सकता है। इस बीच मालदीव में सैन्य समझौता करने के बाद चीनी सेना का दल अब नेपाल पहुंच रहा है और माना जा रहा है कि कई डील पर हस्ताक्षर हो सकता है।
