महिलाओं के उत्थान के लिए भाजपा देशभर में चलाएगी ‘शक्ति वंदन’ अभियान
पीएम नरेंद्र मोदी देश की जिन चार बड़ी जातियों का जिक्र बार-बार करते हैं, उनमें से एक नारी शक्ति यानी महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए भाजपा देशभर में एक बड़ा अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की रणनीति पर विचार-विमर्श कर देशव्यापी अभियान का खाका तैयार करने के लिए आज मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय पर एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने देश की लगभग आधी आबादी को पार्टी के साथ जोड़ने की रणनीति पर महिला मोर्चा को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। अगर यह अभियान सफल होता है तो निश्चित ही बीजेपी को इसका फायेदा लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।
बीजेपी हेडक्वार्टर में आयोजित शक्ति वंदन राष्ट्रीय कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, राष्ट्रीय सचिव और महिला स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ संपर्क अभियान की संयोजक विजया रहाटकर, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानाती श्रीनिवासन ने शक्ति वंदन अभियान में पार्टी के महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में विस्तार से बताते हुए महिला स्वयं सहायता समूह के महत्व तथा विकसित भारत के संकल्प में उनकी भूमिका विषय पर अपनी-अपनी बातें कहीं।
