नवीन उल हक पर इंटरनेशनल लीग टी20 ने लगाया 20 महीने का बैन
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक खेल से ज्यादा विवादों के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ उनके विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। अब नवीन एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उनपर इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) ने 20 महीने का बैन लगाया है।
इंटरनेशनल लीग टी20 ने उनपर अनुबंध के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए यह कार्यवाही की है। वह इस लीग में शारजाह वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। हाल ही में समाप्त हुए सीजन में नवीन ने 9 मैचों में 24.36 की औसत से 11 विकेट लिए थे। हालांकि इस बैन को लेकर नवीन ने अब तक कोई प्रतिकृया नहीं दी है।