संजय सिंह 10 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड में
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद संजय सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 10 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड में भेज दिया है। अब खत्म हो चुकी दिल्ली की आबकारी नीति या शराब घोटाला मामले में कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। संजय सिंह ने राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर में विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल के समक्ष पेश किए जाने के दौरान पत्रकारों से कहा कि यह मोदी जी का अन्याय है। वह चुनाव हार जाएंगे। वह चुनाव हार रहे हैं।
दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (AAP) नेता संजय सिंह को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किया गया अन्याय है। उनकी पार्टी अगला लोकसभा चुनाव हारने जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने सिंह को 2021-22 दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में बुधवार को गिरफ्तार किया था।