देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव:गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर से झांकी निकाली गई
देश में जन्माष्टमी की धूम है। कृष्ण मंदिरों में लोगों की कतारें लगी हुई हैं। लोग नाच-गाकर भगवान कृष्ण के जन्मदिन की खुशी मना रहे हैं। गुजरात और महाराष्ट्र में कई जगहों पर दही-हांडी का खेल भी हो रहा है। मुंबई में इसरो को समर्पित एक दही-हांडी तैयार की जा रही है। इसमें इसरो रॉकेट का मॉडल लगाया गया है।
मुंबई में ही महिलाओं के समूह ने काली मां का स्वरूप धारण किया, दही हांडी खेली और डांस भी किया। गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर से श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण की झांकी निकाली। देशभर के मंदिरों को आज सुंदर रोशनी से सजाया गया है। नोएडा, दिल्ली समेत देश के तमाम इस्कॉन मंदिरों में रात से ही भजन-पूजन चल रहा है।
गुजरात के राजकोट में मंगलवार से ही जन्माष्टमी का मेला शुरू हो गया है। ये मेला 9 सितंबर तक जारी रहेगा। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस साल दही हांडी उत्सव के लिए प्रो गोविंदा नाम से एक कॉम्पिटिशन आयोजित किया है, जिसमें जीतने वाले को कैश प्राइज दिया जाएगा।