BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा कल जाएंगे हिमाचल प्रदेश
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा बाढ़ और लैंड स्लाइड से हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए रविवार को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। राज्य में इन घटनाओं में कम से कम 77 लोगों की मौत हुई है। भाजपा ने बताया कि जिन लोगों की इन घटनाओं में मौत हुई, उनमें से कुछ के परिवारों से नड्डा मिलेंगे और वह शिमला स्थित प्राचीन शिव मंदिर भी जाएंगे जो भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गिर गया है।
पार्टी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष शिमला और बिलासपुर में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही राहत और पुनर्वास कार्य पर चर्चा करेंगे। भाजपा ने दावा किया है कि मंदिर के गिरने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। नड्डा सिरमौर जिले में उन गांवों में भी जाएंगे जहां बादल फटने के कारण कम से कम पांच व्यक्तियों की मौत हुई है।