मनोज तिवारी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया
भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने गुरुवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। मनोज तिवारी ने साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 37 साल के तिवारी ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच साल 2015 में खेला था।
पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री का पद संभालने वाले तिवारी ने बंगाल को रणजी ट्रॉफी 2022-23 के फाइनल में भी पहुंचाया।
मनोज तिवारी ने लिखा- इस खेल ने मुझे सबकुछ दिया
मनोज तिवारी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, क्रिकेट के खेल को अलविदा। इस खेल ने मुझे सबकुछ दिया। मेरा मतलब है कि हर एक चीज, जिसका मैंने कभी सपना भी नहीं देखा था, उस समय की शुरुआत से जब मेरी जिंदगी कई चुनौतियों से जूझ रही थी। हमेशा इस खेल का आभारी रहूंगा और भगवान का भी, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया।
तिवारी ने आगे लिखा, इस मौके पर उन लोगों का धन्यवाद करना चाहूंगा, जिन्होंने मेरी क्रिकेट जर्नी में भूमिका निभाई। मेरे बचपन से लेकर आखिरी कोच तक सभी को धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने मेरी क्रिकेट उपलब्धियों में भूमिका निभाई। पिता समान मेरे कोच मानबेंद्र घोष, जो मेरी क्रिकेट यात्रा के पिलर रहे। अगर वो नहीं होते तो मैं क्रिकेट जगत में कहीं नहीं पहुंच पाता। धन्यवाद सर और आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं क्योंकि पिछले कुछ दिनों से आपका स्वास्थ्य ठीक नहीं है।
