रिलायंस इंडस्ट्रीज Fortune Global 500 की लिस्ट में 88वें स्थान पर पहुंची
नई दिल्ली: अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने बड़ी छलांग लगाई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने फॉर्च्यून ग्लोबल 500 लिस्ट (Fortune Global 500 List) में शामिल भारतीय कंपनियों में सबसे आगे 88वें स्थान पर पहुंच गई है। यह उसकी सबसे ऊंची रैंकिंग है। रिलायंस को वर्ष 2022 की सूची में 104वीं रैंकिंग मिली थी जो इस साल की सूची में 88 हो गई है। इस तरह देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस साल भर में 16 स्थान की छलांग लगाने में सफल रही है।
रिलायंस ने किया सुधार
वहीं पिछले दो वर्षों में रिलायंस ने फॉर्च्यून ग्लोबल की सूची में कुल 67 स्थानों का सुधार किया है। वर्ष 2021 की सूची में कंपनी 155वें स्थान पर रही थी। फॉर्च्यून ग्लोबल 500 की सूची में कंपनियों का चयन मार्च में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान उनके कुल राजस्व के आधार पर किया जाता है। नवीनतम सूची में रिलायंस समेत कुल आठ भारतीय कंपनियों को जगह दी गई है। इस सूची में दूसरी भारतीय कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन है जो 48 स्थान उछलकर 94वें स्थान पर आ गई है।