सोनिया गांधी ने हरियाणवी गाने पर डांस किया:प्रियंका सोनीपत से आई महिलाओं के गले लगीं
राहुल गांधी ने रविवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें हरियाणा के सोनीपत से आई कुछ महिलाएं सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हरियाणवी गाने पर डांस करती हुई दिख रही हैं।
करीब 12 मिनट के इस वीडियो में सोनीपत की कुछ महिलाओं को दिल्ली लाने, घुमाने और अंत में उनकी सोनिया, प्रियंका और राहुल से मुलाकात शामिल है।
वीडियो में प्रियंका गांधी के आवास पर पहुंची इन महिलाओं से राहुल पूछते दिख रहे हैं- कैसी लगी दिल्ली, घूमा कि नहीं? इसके बाद उनके साथ सोनिया, प्रियंका और राहुल लंच करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो के शुरुआती हिस्से में राहुल और सोनीपत के दो किसानों के बीच बातचीत है। 8 जुलाई को शिमला जाने के दौरान राहुल सोनीपत के मदीना गांव में इन किसानों से मिले थे।
राहुल ने खेत में ट्रैक्टर चलाया, धान रोपा और किसानों के साथ खाना भी खाया था। तब उन्होंने इन महिलाओं को दिल्ली आने का न्योता दिया था। हालांकि इसका पूरा वीडियो सामने नहीं आया है।