पुतिन ने मोदी और मेक इन इंडिया की तारीफ की:कहा- वहां की अर्थव्यवस्था पर इसका असर दिखा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि भारत एक ऐसा देश है, जो कंपनियों को अपने देश में आकर काम करने के लिए बढ़ावा दे रहा है। पुतिन ने कहा, ‘हमारे खास दोस्त PM नरेंद्र मोदी ने कई सालों पहले मेक इन इंडिया की शुरुआत की थी। आज भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका असर साफ नजर आ रहा है।”
रूसी ऐंबैस्डर ने कहा था- भारत से रिश्ते और मजबूत हुए
हाल ही में भारत में मौजूद रूस के ऐंबैस्डर डेनिस एलिपोव ने कहा था कि रूस और भारत के बीच खास स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप है। ये समय के साथ और मजबूत हो रही है। कुछ समय से रूस को लेकर दुनिया में झूठ फैलाए जा रहे हैं। भारत-रूस के रिश्तों को कई लोगों ने खराब करने की कोशिश की, लेकिन हम पहले से ज्यादा करीब आए हैं।
रूसी मीडिया RT के मुताबिक पुतिन गुरुवार को मॉस्को में रशिया एजेंसी फॉर स्ट्रैटेजिक इनिशिएटिव्स (ASI) की तरफ आयोजित एक फोरम में बोल रहे थे। उन्होंने रूस में घरेलू प्रोडक्ट्स और ब्रैंड्स को बढ़ावा देने के लिए भारत का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘ऐसे समय में जब पश्चिमी देश लगातार रूस के साथ व्यापार पर पाबंदी लगा रहे हैं, हमें भारत की तरह अपने देश की कंपनियों को बढ़ावा देते हुए उन्हें एक बेहतर मार्केट उपलब्ध करवाना चाहिए।”