फ्रांस में लड़के की हत्या के बाद दंगा:आरोपी पुलिस अफसर गिरफ्तार
फ्रांस की राजधानी पेरिस के सबअर्बन एरिया नेन्तेरे में 17 साल के लड़के को कथित तौर पर गलत तरीके से कार चलाने पर पुलिस ने गोली मार दी। लड़के की मौत हो गई। इसके बाद यहां दंगा भड़क गया। 40 गाड़ियों को आग लगा दी गई और 20 लोग घायल हुए हैं।
आरोपी पुलिस अफसर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोली मारे जाने का वीडियो भी सामने आया है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह लड़का किसी अरब देश का मूल नागरिक था। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और पुलिस ने जब उसे रोका तो उसने अफसर को कुचलने की कोशिश की।
मामला मंगलवार का है। नेन्तेरे की एक सड़क पर दो पुलिस अफसरों ने यलो यानी पीले रंग की कार को रोका। इसकी ड्राइविंग सीट पर मौजूद शख्स से बातचीत की। इस दौरान कुछ बहस हुई। एक पुलिस अफसर ने पिस्टल निकाली और ड्राइवर के सिर में गोली मार दी। ड्राइवर ने कार तेजी से दौड़ाई जो कुछ दूर जाकर क्रैश हो गई। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कैमरे में कैद हो गई।