भारिया जनजातीय समुदाय के संवाद कार्यक्रम को राज्यपाल पटेल ने किया संबोधित
भोपाल : राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने ग्राम सिधौली में आयोजित भारिया जनजातीय समुदाय के संवाद कार्यक्रम संबोधित करते हुये कहा कि प्रत्येक जनजातीय व्यक्ति के विकास के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जन-मन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं के लाभ से लाभान्वित करने का कार्य सम्पूर्ण देश के साथ मध्यप्रदेश में भी अभियान के रूप से चलाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा योजना से मध्यप्रदेश की बैगा, भारिया एवं सहरिया विशेष पिछड़ी जनजातीय बसाहटों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त जनजातीय परिवारों को सभी मूलभूत योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि योजना के लाभ लेकर विशेष पिछड़ी जनजातीय वर्ग के व्यक्तियों का जीवन सरल हो सकेगा तथा योजना का लाभ लेकर भी समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकेगें।
सिकल सेल रोग के प्रति व्यापक जागरूकता की आवश्यक है
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा है कि सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। सिकल सेल एनीमिया के प्रभावी रोकथाम के लिए प्रबंधन और इलाज में हर समुदाय और व्यक्ति को सहभागी बन कर मानवता की सेवा करनी होगी। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2025 तक भारत को टीबी और वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने के लिए हम सभी को आगे आना होगा और सरकार का सहयोग करना होगा।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया अनुवांशिक रोग है। इसके उन्मूलन के लिए हर परिवार में जाकर कॉउंसलिंग एवं स्क्रीनिंग करना होगा। साथ ही आँगनवाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की जाँच करते समय उनके परिवार की बीमारी का इतिहास भी पता करना होगा। उन्होंने कहा कि आँगनवाड़ी केन्द्र, प्राथमिक, माध्यमिक, हायर सेकेंडरी स्कूल और कॉलेजों में जाकर बच्चों की भी समय-समय पर सिकल सेल एनीमिया की जाँच करनी होगी। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और नीतिगत प्रावधानों की जानकारी भी दी।
