अब उत्तर भारत में आटा, तेल, चावल बेचेगी रिलायंस, लॉन्च किया नया ब्रांड इंडिपेंडेंस
नई दिल्ली : मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस ने एक नया ब्रैंड मार्केट में उतारा है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने बुधवार को अपने मेड फॉर इंडिया कंज्यूमर गुड्स ब्रैंड ‘इंडिपेंडेंस’ को उत्तर भारत के बाजारों में लॉन्च कर दिया। आरसीपीएल, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी है। इससे पहले कंपनी ने गुजरात में इस ब्रैंड को लॉन्च किया था। गुजरात में मिली शुरूआती सफलता के बाद कंपनी ने ‘इंडिपेंडेंस’ ब्रैड के प्रोडक्ट्स को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के बाजारों में उतारेगी।
‘इंडिपेंडेंस’ ब्रैंड में खाद्य तेल, अनाज, दालें, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ और दैनिक जरूरतों की अन्य वस्तुओं सहित प्रोडक्ट्स की एक विस्तृत श्रृंखला है। इनमें आटा, खाद्य तेल, चावल, चीनी, ग्लूकोज बिस्किट और एनर्जी टॉफी जैसे उत्पाद शामिल हैं।
