21 संगठनों के ग्रुप ने भड़काया कोल्हापुर दंगा:हिंदू नेताओं का आरोप- खास धर्म के लोगों पर कार्रवाई नहीं
5 जून 2023, रात के 10 बजे थे। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 16 साल के एक लड़के ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोस्त का वॉट्सऐप स्टेटस शेयर किया। ये 12 सेकेंड का वीडियो था, जिसके बैकग्राउंड में हरियाणवी गाना ‘बाप तो बाप रहेगा’ बज रहा था।
वीडियो में मुगल बादशाह औरंगजेब और टीपू सुल्तान की फोटो थीं। ये स्टेटस वायरल हो गया। अगले दिन यानी 6 जून को छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस था। शहर के हिंदू संगठनों ने इसे अपना अपमान बताया और सोशल मीडिया पर बवाल शुरू हो गया। शाम होते-होते हिंदू संगठनों से जुड़े लोग लक्ष्मीपुरी पुलिस स्टेशन पहुंचे और दोनों नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
7 जून को कोल्हापुर बंद का ऐलान कर दिया गया। हिंदू नेताओं ने आरोप लगाया कि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। जबकि पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपी और उनके चार साथियों को हिरासत में ले लिया गया था।