रेसलर्स विवाद में हरियाणा में किसानों की धरपकड़:महापंचायत के लिए दिल्ली जा रही महिलाएं हिरासत में
पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में नई दिल्ली जा रहीं महिलाओं की महापंचायत से हरियाणा में शनिवार रात पुलिस ने एक्शन लिया। यहां दिल्ली जा रही महिलाओं और किसानों की धरपकड़ शुरू कर दी। पंजाब से दिल्ली जा रहा महिलाओं का एक जत्था शाम को जब अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे में पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गुरुद्वारे के गेट पर भी पुलिस जवान तैनात हैं।
इस बीच पुलिस दिल्ली की सीमाओं को सील करने में जुट गई है। देर रात बहादुरगढ़ सीमा पर टिकरी बॉर्डर पर बड़े-बड़े सीमेंट के पत्थर लाए लाए गए। रास्ते को संकरा करके 15 फीट कर दिया गया है। इसे पूरी तरह बंद किया जा सकता है। ताकि किसान आंदोलन की तर्ज पर पहलवानों के समर्थन में जाने वाले किसान न पहुंच सकें।
पानीपत, सिवाह, समालखा, जौरासी, शहर मालपुर गांवों के लोग निजी गाड़ियों में सवार होकर लिंक रोड से दिल्ली की ओर निकले हैं। उधर, पुलिस भी हरियाणा से दिल्ली जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही है।