BCCI ने किया टीम का ऐलान, ईशान किशन लेंगे केएल राहुल की जगह
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल की जगह युवा ईशान किशन को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। इसकी जानकारी BCCI ने सोमवार को प्रेस रिलीज जारी करके दी। WTC फाइनल लंदन के ओवल में 7 से 11 जून के बीच खेला जाएगा।
आईपीएल के 16वें सीजन में 1 मई को लखनऊ के कप्तान केएल राहुल इकाना स्टेडियम में खेले गए मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। RCB की पारी के दूसरे ओवर में प्लेसिस का शॉट रोकने के प्रयास में राहुल के पैर में गंभीर चोट लगी थी।उसी समय वे मैदान से बाहर चले गए थे। आखिर में राहुल चोट के बावजूद मज़बूरी में बैटिंग करने उतरे थे। राहुल के पैर की सर्जरी होगी।
इसके बाद करीब एक महीने तक उन्हें आराम करना होगा। ऐसे में 7 से 11 जून तक होने वाले WTC फाइनल में उनका खेलना नामुमकिन है। BCCI ने विज्ञप्ति में उमेश यादव और जयदेव उनादकट की चोट के बारे में भी जिक्र किया, लेकिन उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया। ऐसे में इन दोनों गेंदबाजों के फाइनल में खेलने की उम्मीदें अभी बाकी हैं। अगर ये दोनों फीट रहते हैं तो मैनेजमेंट की चिंता कम हो जाएगी ।
